एटीएम कार्ड के जरिये ठगी करने वाला 25 हजार का इनामी चार साल बाद गिरफ्तार, सिगरा पुलिस ने बिहार से दबोचा
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने वर्ष 2022 में दर्ज एटीएम कार्ड ठगी के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू (35) पुत्र वाल्मिकी सिंह, निवासी ग्राम रोशना, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार) को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 18 नवंबर 2022 का है। पटना निवासी पीड़िता बबी कुमारी ने सिगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लहरतारा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। मदद के लिए वह पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा पहुंचीं, जहां उन्हें अंकुर सिंह नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया गया। फोन करने पर सामने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अंकुर सिंह बताते हुए कुछ देर इंतजार करने की बात कही और अगले दिन कार्ड मिलने का आश्वासन दिया।
पीड़िता जब घर पहुंचीं तो मोबाइल पर आए बैंक संदेशों से पता चला कि उनके खाते से एटीएम के माध्यम से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 2 लाख 19 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद सिगरा थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू का नाम सामने आया और वह लगातार फरार चल रहा था।
सिगरा पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी का पता लगाकर बिहार के गया जिले से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में थाना सिगरा पुलिस एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।