तेंदुआ हमले के पीड़ितों को मंत्री अनिल राजभर ने दी सहायता, एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि वितरित
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बस्ती में पिछले वर्ष तेंदुए के हमले से घायल हुए ग्रामीणों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर रविवार को उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
अनिल राजभर ने पीड़ितों और उनके परिवारजनों से बातचीत कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सहायता राशि के रूप में चेक सौंपे जाने पर पीड़ितों ने सरकार और मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश की उत्तर प्रदेश सरकार किसी भी परिस्थिति में पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर स्तर पर जनता की सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह घटना मई 2025 की है, जब चौबेपुर क्षेत्र के नवापुरा बस्ती में अचानक तेंदुए के आने से दहशत फैल गई थी। तेंदुए ने तीन ग्रामीणों कमौली ग्रामसभा निवासी सुनील, गौराकलां निवासी जयदेव और शंकरपुर (नवापुरा) निवासी प्रदीप मौर्य पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उस समय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी और इलाके में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए और विशेषज्ञ टीमों की मदद ली गई। कई दिनों तक चले अभियान के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
मंत्री अनिल राजभर ने घटना के समय भी सक्रियता दिखाते हुए घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई थी और उन्हें आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया था। अब इस सहायता राशि के वितरण के साथ उन्होंने अपना वादा पूरा किया। इस दौरान मंत्री प्रतिनिधि संजय सिंह, प्रवीण सिंह, कमलेश मौर्या, प्रकाश राजभर, शशांक श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, देवमनी तिवारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।