महापर्व डालाछठ : वाराणसी में आज से दो दिन लागू रहेगा रूट डायवर्जन, मैदागिन-गोदौलिया से घाटों की ओर नहीं जाएंगे वाहन, कई मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा वाहनों का आवागमन
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पर गंगा घाटों और प्रमुख जलाशयों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। रविवार और सोमवार को शहर में रूट डायवर्जन के साथ नो-व्हीकल जोन और नो-इंट्री व्यवस्था प्रभावी रहेगी। मैदागिन और गोदौलिया से प्रमुख घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन सवार निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर कर लें।
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि गोदौलिया और दशाश्वमेध क्षेत्र में विशेष डायवर्जन लागू किया गया है। रामापुरा, बेनिया, मैदागिन, गोदौलिया और सोनारपुरा तिराहे से प्रमुख घाटों की ओर सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बेनिया पार्किंग, टाउनहॉल और हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अस्सी से राजघाट तक बदले रहेंगे रूट
अस्सी क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रवींद्रपुरी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, भदऊ चुंगी और राजघाट पुल तिराहे से भैंसासुर घाट एवं नमो घाट जाने वाले वाहनों को काशी स्टेशन पानी टंकी मैदान स्थित पार्किंग में भेजा जाएगा।
सामने घाट और विश्व सुंदरी पुल की तरफ भी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। रामनगर और बिहार की ओर से आने वाले भारी वाहनों और बसों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बिहार से आने वाली निजी बसें स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के सामने मैदान में खड़ी होंगी।
सूर्य सरोवर और शास्त्री घाट पर भी प्रतिबंध
बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर के पास तथा अंबेडकर चौराहे से शास्त्री घाट की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
रात 11 से दो बजे तक ही भारी वाहनों को छूट
शहर में भारी वाहनों की नो-इंट्री व्यवस्था भी सख्ती से लागू रहेगी। भारी वाहनों को रात 11 बजे से रात दो बजे तक ही शहर में प्रवेश की छूट मिलेगी। रात दो बजे के बाद भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात संबंधी जानकारी और सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7317202020 और ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7839856994 जारी किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि छठ के दौरान अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें और निर्धारित डायवर्जन का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।