मां काली प्रतिमा विसर्जन, चार किलोमीटर तय करने में लगा सात घंटे से अधिक समय, जयकारों से गूंज उठी काशी

धर्म और परंपराओं की नगरी काशी में शुक्रवार को नवसंघ की मां काली की विसर्जन यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां की विदाई के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। ढाक की गूंजती थाप, शंखध्वनि और मां के जयकारों के बीच चार किलोमीटर की विसर्जन यात्रा पूरी होने में सात घंटे से अधिक का समय लग गया। मदनपुरा से गोदौलिया और मैदागिन तक पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। इस दौरान बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाकर मां को भावुक विदाई दी।
 

बंगाली समाज की महिलाओं ने निभाई सिंदूर खेला की परंपरा, रात 10:30 बजे मंदाकिनी कुंड में आरती के बाद हुआ प्रतिमा विसर्जन

मदनपुरा से गोदौलिया और मैदागिन तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, ढाक की थाप और शंखध्वनि के बीच नम आंखों से भक्तों ने मां को दी विदाई

प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे पुलिसकर्मी, ड्रोन से हुई निगरानी

वाराणसी। धर्म और परंपराओं की नगरी काशी में शुक्रवार को नवसंघ की मां काली की विसर्जन यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां की विदाई के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। ढाक की गूंजती थाप, शंखध्वनि और मां के जयकारों के बीच चार किलोमीटर की विसर्जन यात्रा पूरी होने में सात घंटे से अधिक का समय लग गया। मदनपुरा से गोदौलिया और मैदागिन तक पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। इस दौरान बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाकर मां को भावुक विदाई दी।

सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दोपहर दो बजे मां काली की प्रतिमा को पंडाल से नीचे उतारकर वाहन पर विराजमान कराया गया। इसके बाद महिलाओं ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाई। एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शाम 7:10 बजे मदनपुरा से विसर्जन यात्रा रवाना हुई। रास्ते में श्रद्धालुओं की टोलियां मां के जयकारे लगाते हुए यात्रा के साथ चलती रहीं। विसर्जन यात्रा में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव समेत गणमान्य लोग शामिल रहे। 

गोदौलिया में कराई गईं सात परिक्रमा
शाम करीब नौ बजे मां काली की प्रतिमा गोदौलिया चौराहे पर पहुंची। यहां प्रतिमा की सात परिक्रमा कराई गई। इसके बाद विसर्जन यात्रा मैदागिन की ओर बढ़ी। रात करीब 10:30 बजे प्रतिमा मंदाकिनी कुंड पहुंची, जहां आरती और पूजन के बाद विधि-विधान से विसर्जन किया गया। मां की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। भक्तों ने अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ मां को अंतिम प्रणाम किया।

 

60 साल से कायम है परंपरा
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि बनारस में नवसंघ की ओर से पिछले 60 वर्षों से मां काली की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। बंगाली समाज के लोगों ने इस परंपरा को जीवित रखा है। इसमें सभी वर्गों के लोग सहयोग करते हैं। काशी परंपराओं और संस्कृतियों का शहर है, जहां सभी लोग पूरे उत्साह के साथ ऐसे आयोजनों में शामिल होते हैं।

चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
एडीसीपी वैभव बांगर के अनुसार, विसर्जन यात्रा में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यात्रा के दौरान आठ इंस्पेक्टर, पांच थानों की पुलिस फोर्स, तीन एसीपी, चार प्रभारी अधिकारी और आरआरएफ की टीम तैनात रही। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। भीड़ और यात्रा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों के साथ थ्रेड ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।