यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार एलजेपी (रामविलास), चिराग पासवान ने किया ऐलान, विपक्ष पर जाति और धर्म की राजनीति करने का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बिहार के बाद अब प्रदेश में भी बिहार की राजनीतिक पार्टियां अपनी जमीन तलाशने में जुट गई हैं। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने का खुला ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएगी और विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए में सहमति बनी तो गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा सभी 403 सीटों पर अकेले प्रत्याशी उतारने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
 

एनडीए से गठबंधन की जताई उम्मीद, सहमति नहीं बनी तो अकेले मैदान में उतारेंगे प्रत्याशी
 
अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- हार के डर से बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बनने का देख रहे सपना

जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित कर चिराग पासवान ने सपा-कांग्रेस पर लगाया जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बिहार के बाद अब प्रदेश में भी बिहार की राजनीतिक पार्टियां अपनी जमीन तलाशने में जुट गई हैं। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने का खुला ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएगी और विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए में सहमति बनी तो गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा सभी 403 सीटों पर अकेले प्रत्याशी उतारने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

एनडीए से गठबंधन की उम्मीद, नहीं तो अकेले लड़ेंगे चुनाव
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेता अरविंद राजभर के बिहार की पार्टियों को यूपी चुनाव में नहीं लड़ने देने संबंधी बयान पर चिराग पासवान ने संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अरविंद राजभर के पिता ओमप्रकाश राजभर उनके पिता समान हैं और वह उनका सम्मान करते हैं। चिराग ने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में काफी मेहनत की है। उनकी मेहनत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। गठबंधन को लेकर अभी औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है, लेकिन उन्हें एनडीए के साथ सहमति बनने की उम्मीद है। यदि बात नहीं बनती है तो उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

अखिलेश को हार का डर, बिना चुनाव लड़े सीएम बनने का सपना : चिराग
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने संबंधी बयान पर भी चिराग पासवान ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी भी सेनापति की जिम्मेदारी होती है कि वह अपनी सेना का मनोबल बढ़ाए और रणक्षेत्र में सबसे आगे रहकर नेतृत्व करे। चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को या तो अपनी हार का डर सता रहा है या फिर उन्हें अपनी पार्टी के प्रदर्शन की चिंता है। उन्हें महाराष्ट्र की तरह लोकसभा और विधानसभा चुनावों के अलग-अलग नतीजों का भय है। इसी वजह से वह बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।

पिता के सपने को यूपी में साकार करने का दावा
चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता और दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का सपना था कि बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी लोक जनशक्ति पार्टी अपनी मजबूत पहचान बनाए और युवाओं के हितों के लिए काम करे। इसी उद्देश्य से पार्टी प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से ऐसी राजनीति के पक्षधर नहीं हैं। उन्होंने मतदाताओं से जाति-धर्म से ऊपर उठकर मतदान करने और उनकी पार्टी के प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।