लंका पुलिस ने 40 लाख की चोरी का किया खुलासा, 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार, 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद चोरों तक पहुंची पुलिस
वाराणसी। लंका पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 40 लाख की चोरी की घटना का सफल अनावरण किया। घर में घुसकर आभूषण और कीमती सामान चोरी करने वाले 25-25 हजार के दो शातिर अपराधियों को पकड़ा। उनके पास से चोरी गए शत-प्रतिशत आभूषण भी बरामद कर लिए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने गिरफ्तारी और बरामदगी के बाबत जानकारी दी। डीसीपी काशी जोन की ओर से गुडवर्क के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
शातिर चोरों ने बंद घर को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को थाना लंका में पीड़ित ने सूचना दी कि वह और उनकी पत्नी 31 मार्च को अपने मूल गांव रोहतास गए थे। 4 अप्रैल को जब वे अपने गायत्री नगर स्थित मकान लौटे, तो मेन गेट का ताला बंद मिला लेकिन अंदर का ताला टूटा हुआ था। घर के ऊपर वाले कमरों में रखी अलमारी और बक्सों को तोड़कर पुश्तैनी लाखों रुपये के गहने और कुछ कपड़े चोरी कर लिए गए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना लंका में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
40 लाख की चोरी की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस
40 लाख के आभूषण चोरी होने की सूचना के बाद लंका पुलिस हरकत में आई। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इस दौरान शातिर चोरों के बारे में पुलिस को सुराग लगा। दोनों फेरी करने वाले हैं। उसी दौरान बंद मकानों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे।
शातिर चोरों की पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस ने उन्हें शुक्रवार को काशीपुरम कॉलोनी, सीर गोवर्धनपुर में बबूल के पेड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद शारिक जमाल अंसारी (38 वर्ष) निवासी जक्खा आजाद नगर, बजरडीहा थाना भेलूपुर और रेयाज अकरम (27 वर्ष) निवासी एन 12/372 बजरडीहा, थाना भेलूपुर के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
40 लाख रुपये के आभूषण और चांदी के जेवरात बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से 4 हार और 1 मंगलसूत्र, 2 कंगन और 4 झुमके, 4 अंगूठियां और 11 टप्स, 3 लॉकेट, 2 माथा बेंदी, 1 नथ, 1 चेन, चांदी की पायल, पैजनी, बिछिया, सिक्के सहित कई अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी हुए गहनों की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद शारिक जमाल अंसारी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा (थाना लोहता, वर्ष 2023) और मारपीट और धोखाधड़ी से जुड़े मामले (थाना भेलूपुर, वर्ष 2017) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम में लंका थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल आशीष कुमार चौबे, ओम प्रकाश सिंह, कांस्टेबल अमित शुक्ला, सूरज सिंह, कृष्णकांत पांडेय, पवन कुमार और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी शामिल रहे।