बाबतपुर एयरपोर्ट पर यात्री के पास मिली लाखों की नकदी, जांच में जुटा आयकर विभाग

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर बुधवार को अकासा एयर के विमान से वाराणसी पहुंचे एक यात्री के पास बड़ी मात्रा में नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। नियमित जांच के दौरान नकदी बरामद होने के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्री को रोककर मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी। यात्री की पहचान सुल्तानपुर निवासी सचिन सिंह के रूप में बताई जा रही है।
 

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर बुधवार को अकासा एयर के विमान से वाराणसी पहुंचे एक यात्री के पास बड़ी मात्रा में नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। नियमित जांच के दौरान नकदी बरामद होने के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्री को रोककर मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी। यात्री की पहचान सुल्तानपुर निवासी सचिन सिंह के रूप में बताई जा रही है।

सचिन सिंह बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अकासा एयर के विमान से नवी मुंबई से वाराणसी पहुंचा था। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उसके पास बड़ी मात्रा में नकदी मिली। इसके बाद सुरक्षा और एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्री को रोक लिया। बरामद रकम के संबंध में पूछताछ करने के साथ ही मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई।

सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम एयरपोर्ट पहुंची और यात्री से नकदी के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टीम सुबह से ही एयरपोर्ट के विजिटर एरिया स्थित एक कमरे में यात्री से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों द्वारा नकदी के स्रोत, उसे वाराणसी लाने के कारण और रकम से संबंधित दस्तावेजों के बारे में जानकारी ली जा रही है।

काफी देर तक पूछताछ के बाद यात्री को फूलपुर थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बरामद नकदी की वास्तविक रकम के संबंध में अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी। इसी तरह नकदी के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी।

आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यात्री के पास कितनी नकदी थी और वह रकम कहां से आई थी। यदि यात्री रकम से संबंधित वैध दस्तावेज और स्रोत का प्रमाण प्रस्तुत करता है तो जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने या रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।