तकनीकी खराबी के चलते वाराणसी जंक्शन पर रुकी खजुराहो वंदेभारत, चार घंटे बाद हुई रवाना 

बनारस से खजुराहो जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते वाराणसी जंक्शन पर चार घंटे तक रुकी रही। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों की तत्परता तथा बेहतर समन्वय के चलते समस्या का सुरक्षित समाधान कर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
 

वाराणसी। बनारस से खजुराहो जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते वाराणसी जंक्शन पर चार घंटे तक रुकी रही। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों की तत्परता तथा बेहतर समन्वय के चलते समस्या का सुरक्षित समाधान कर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 26506 वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 5:15 बजे बनारस स्टेशन से रवाना हुई थी। यात्रा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद ट्रेन के पिछले पैंटोग्राफ में तकनीकी गड़बड़ी आ गई। यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेन को सुबह 5:28 बजे वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर एहतियातन रोक दिया गया। उल्लेखनीय है कि वाराणसी जंक्शन इस ट्रेन का निर्धारित ठहराव स्टेशन नहीं है।

सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय तथा सहायक विद्युत अभियंता कार्तिकेय सिंह ने मरम्मत कार्य की निगरानी की। वहीं ट्रेन के प्राथमिक अनुरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारी भी तत्काल वाराणसी जंक्शन पहुंचे।

मरम्मत के दौरान आवश्यक पावर ब्लॉक लेकर ट्रेन के अग्रिम पैंटोग्राफ की भी विस्तृत जांच की गई। सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद ट्रेन को सुबह 9:35 बजे सुरक्षित रूप से रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 4 घंटे 7 मिनट विलंबित रही। रेलवे प्रशासन ने मरम्मत कार्य के दौरान अन्य ट्रेनों के संचालन को प्रभावित नहीं होने दिया। प्लेटफॉर्म और रेल लाइनों का प्रभावी प्रबंधन कर कई ट्रेनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रखा गया।

यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। वंदे भारत एक्सप्रेस का वातानुकूलित सिस्टम पूरे समय चालू रखा गया और स्वचालित दरवाजे खुले रखे गए। ट्रेन में यात्रा कर रहे 168 यात्रियों में से 102 यात्रियों को निर्धारित समय पर नाश्ता उपलब्ध कराया गया, जबकि शेष यात्रियों को भी निःशुल्क जलपान और पेयजल की सुविधा दी गई।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और यात्री-केंद्रित व्यवस्था के कारण स्थिति को सुरक्षित और सफलतापूर्वक संभाला गया।