देव दीपावली पर जगमगाएंगे काशी के घाट, नमो से अस्सी घाट तक तैयारियां पूरी, नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर दिए निर्देश
वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर्व पर काशी के घाट रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। पर्व को भव्य और दिव्य बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने नमो घाट से अस्सी घाट तक तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। सभी प्रमुख घाटों पर आकर्षक झालर लाइटिंग और हाईमास्ट फ्लड लाइटें लगाई गई हैं। दूधिया और रंगीन रोशनी से सजे घाटों की छटा देखते ही बन रही है।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने सोमवार को जल निगम और प्रकाश विभाग के अधिकारियों के साथ नमो घाट से अस्सी घाट तक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था के साथ ही साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान नमो घाट स्थित शौचालय का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि देव दीपावली पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के घाटों पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शौचालयों की नियमित और उत्कृष्ट सफाई सुनिश्चित की जाए। वहां हैंडवॉश, तौलिया सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी घाट या संपर्क मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जल निगम और सफाई कर्मियों की टीमों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि घाटों और संपर्क मार्गों की साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष तैयारियों को भी सोमवार रात तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिकारी और नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।