11 लाख दीपों से जगमगाएंगे काशी के 84 घाट, आसमान में 2100 ड्रोन रचेंगे शिवमय आकृतियां, देव दीपावली में शामिल होने वाराणसी पहुंचे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह

देव दीपावली पर काशी एक बार फिर अद्भुत दीपोत्सव की साक्षी बनने जा रही है। गंगा के दोनों किनारों पर स्थित 84 घाटों पर 11 लाख दीप प्रज्वलित कर पूरी नगरी को रोशनी से सजाया जाएगा। इस बार दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आसमान में 2100 ड्रोनों का भव्य शो, चेत सिंह किले पर 3D प्रोजेक्शन और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने देव दीपावली को और भव्य, दिव्य एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकर्षक बनाने की विशेष तैयारियां की हैं।
 

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी एक बार फिर अद्भुत दीपोत्सव की साक्षी बनने जा रही है। गंगा के दोनों किनारों पर स्थित 84 घाटों पर 11 लाख दीप प्रज्वलित कर पूरी नगरी को रोशनी से सजाया जाएगा। इस बार दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आसमान में 2100 ड्रोनों का भव्य शो, चेत सिंह किले पर 3D प्रोजेक्शन और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने देव दीपावली को और भव्य, दिव्य एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकर्षक बनाने की विशेष तैयारियां की हैं।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सभी 84 घाटों पर कुल 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इनमें एक लाख दीप गाय के गोबर से निर्मित होंगे। इसके माध्यम से दीपोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ गौ संवर्धन का संदेश भी दिया जाएगा।

2100 ड्रोन आसमान में उकेरेंगे शिव की आकृतियां
इस बार देव दीपावली का आसमान भी काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का गवाह बनेगा। 2100 ड्रोनों के जरिए आकाश में भगवान शिव और काशी की आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ी आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं, चेत सिंह किले पर 3D प्रोजेक्शन के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, काशी का गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत जीवंत की जाएगी। यह दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।

गंगा पार रेती पर होगी ग्रीन आतिशबाजी
देव दीपावली की संध्या पर ललिता घाट के सामने गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन प्रस्तावित है। सूर्यास्त के बाद शाम करीब पांच बजे से विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके साथ ही सभी 84 घाटों पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। दीपों की रोशनी, आरती की गूंज और आधुनिक तकनीक से सजे आसमान का नजारा काशी की भव्यता को नई ऊंचाई देगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दीपों की संख्या बढ़ाने के साथ लेजर शो, ड्रोन प्रदर्शन और आधुनिक तकनीक का समावेश किया जा रहा है, ताकि देव दीपावली को वैश्विक पहचान दिलाई जा सके।


होटलों से होमस्टे तक फुल
देव दीपावली की भव्यता देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंच रहे हैं। मंत्री के अनुसार शहर के पांच सितारा होटलों से लेकर होमस्टे तक में लगभग सभी कमरे बुक हो चुके हैं। यह आयोजन काशी की आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का माध्यम बन रहा है।