काशी विश्वनाथ मंदिर में अहमदाबाद विमान दुर्घटना के मृतकों के लिए शांति पाठ, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
वाराणसी। अहमदाबाद विमान दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए आज काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में स्थित नवग्रह मंडप में एक विशेष शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दुर्घटना में मृत सभी यात्रियों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करना था।
शांति पाठ के दौरान मंदिर के आचार्यों और पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। मंदिर प्रशासन की ओर से मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना व्यक्त की।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने दर्दनाक हादसे पर दुख व्यक्त किया। कहा कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मृत आत्माओं की शांति के लिए विश्वनाथ धाम में शांति पाठ का आयोजन किया गया। महादेव से यह प्रार्थना की गई मृतकों के परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।