काशी विश्वनाथ मंदिर ने शुरू किया डिजिटल टूरिज्म मैप, चार भाषाओं में मिलेगी पूरी जानकारी
वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। मंदिर प्रशासन की ओर से हिंदी, अंग्रेजी, तमिल और तेलुगु भाषा में डिजिटल काशी टूरिज्म मैप लॉन्च किया गया है। इस डिजिटल मैप के माध्यम से काशी आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर के आसपास स्थित प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार यह डिजिटल टूरिस्ट मैप काशी विश्वनाथ मंदिर से 100 मीटर से लेकर करीब 300 किलोमीटर तक के महत्वपूर्ण स्थलों का विवरण उपलब्ध कराएगा। इसमें काशी के प्रमुख घाट, मंदिर, कुंड, धार्मिक स्थल, खानपान केंद्र, हेरिटेज साइट और आसपास के पर्यटन स्थलों की जानकारी शामिल की गई है।
डिजिटल मैप को हाई रिजॉल्यूशन तकनीक से तैयार किया गया है, जिसे श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन में आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए मंदिर परिसर में क्यूआर कोड भी लगाया गया है। क्यूआर कोड स्कैन करते ही श्रद्धालु डिजिटल टूरिज्म मैप तक पहुंच सकेंगे और अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना पाएंगे।
इस मैप में काशी विश्वनाथ धाम से लेकर राम मंदिर, सारनाथ, अष्टभुजा मंदिर, विंध्याचल धाम, चुनार किला और अन्य प्रमुख स्थलों की दूरी और मार्ग की जानकारी भी दी गई है। साथ ही शहर के प्रमुख होटल, भोजनालय, हस्तशिल्प केंद्र और सांस्कृतिक स्थलों को भी इसमें शामिल किया गया है।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस पहल से देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी दर्शन में काफी सुविधा मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।