ब्रिक्स कल्चर समिट की मेजबानी करेगी काशी, 10 देशों के प्रतिनिधि जुटेंगे, तैयारियों में जुटा प्रशासन 

काशी में जी-20 के बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार काशी “ब्रिक्स कल्चर समिट” की मेजबानी करने जा रही है, जिसमें दुनिया के 10 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विदेशी मेहमानों के स्वागत, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने व्यापक रणनीति तैयार की है।
 

वाराणसी। काशी में जी-20 के बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार काशी “ब्रिक्स कल्चर समिट” की मेजबानी करने जा रही है, जिसमें दुनिया के 10 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विदेशी मेहमानों के स्वागत, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने व्यापक रणनीति तैयार की है।

सम्मेलन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि भाग लेंगे। विदेशी मेहमानों का चार और पांच जून को वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

कलक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की निदेशक प्रियंका के नेतृत्व में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सम्मेलन की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विदेशी मेहमानों की सुरक्षा, आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में किसी प्रकार की कमी न रहे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सम्मेलन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया जाएगा। साथ ही प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया है। प्रशासन ने होटल, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सम्मेलन के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी परिचित कराया जाएगा। इसके लिए घाटों, मंदिरों और सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। मीटिंग में डीएम सत्येंद्र कुमार के अलावा अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम सिटी राजेश कुमार शामिल रहे।