काशी-तमिल संगमम 5.0: नमो घाट पर सजा मंच, उपराष्ट्रपति और सीएम भव्य आयोजन का करेंगे शुभारंभ, तिरुक्कुरल के ज्ञान से काशी, अयोध्या और प्रयागराज के बच्चों को रूबरू कराएंगे तमिल शिक्षक
वाराणसी। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के शुभारंभ की तैयारियां पूरी हो गई हैं। नमो घाट पर आयोजन के लिए भव्य मंच सजाया गया है। शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शुभारंभ करेंगे। आयोजन को लेकर तमिलनाडु से काशी पहुंचे मेहमानों में खासा उत्साह है। इस बार तमिल के महान साहित्यिक ग्रंथ तिरुक्कुरल को केंद्र में रखकर सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तमिलनाडु से आए मुरलीधर ने बताया कि वह दक्षिण भारत हिंदी सभा के पूर्व प्रिंसिपल और सदस्य हैं। उनके साथ 52 शिक्षक-शिक्षिकाओं का दल काशी पहुंचा है। ये सभी अलग-अलग महाविद्यालयों में अध्यापन करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले आयोजन में शिक्षकों ने 50 विद्यालयों में जाकर बच्चों को तमिल भाषा सिखाई थी। इस दौरान बच्चों को तमिल वर्णमाला से लेकर भाषा की बुनियादी जानकारी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि इस बार का आयोजन पिछले संस्करण से अलग और खास है। इसकी थीम तिरुवल्लुवर के महान ग्रंथ तिरुक्कुरल पर आधारित है। तमिल साहित्य के इस प्रसिद्ध ग्रंथ में 1330 कुरल (दोहों) के माध्यम से जीवन के विभिन्न पहलुओं की शिक्षा दी गई है।
तीन शहरों के स्कूलों में पहुंचेंगी शिक्षकों की टीमें
मुरलीधर ने बताया कि इस बार काशी के साथ अयोध्या और प्रयागराज के विद्यालयों में भी बच्चों को तमिल भाषा और तिरुक्कुरल की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए करीब 55 शिक्षक-शिक्षिकाओं की तीन टीमें बनाई जाएंगी। प्रत्येक टीम अलग-अलग शहरों में जाकर विद्यार्थियों को तमिल भाषा, साहित्य और तिरुक्कुरल के संदेशों से परिचित कराएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिल संस्कृति को विशेष महत्व दिया है। काशी तमिल संगमम के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृतियों का मिलन हो रहा है। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को यह आयोजन नई मजबूती दे रहा है।