एयर शो के लिए काशी तैयार, गंगा पार 19 ब्लॉकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जानिये किन मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री कहां होगी पार्किंग

गंगा के आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और रोमांचक हवाई करतबों का गवाह बनने के लिए काशी तैयार है। 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नमो घाट से लेकर गंगा पार के डुमरी, सुजाबाद और कटेसर क्षेत्र तक सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शकों की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का अनुमान है कि आयोजन के दौरान 15 से 20 लाख लोग पहुंच सकते हैं। इतनी बड़ी संभावित भीड़ को देखते हुए गंगा पार के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
 

नमो घाट पर पीएम मोदी के लिए मंच तैयार, तीन दिन 15 से 20 लाख दर्शकों के पहुंचने का अनुमान

डोमरी, सूजाबाद और कटेसर में सीसीटीवी, वॉच टावर, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था; पांच प्रवेश द्वारों से मिलेगी दर्शकों को एंट्री

वाराणसी। गंगा के आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और रोमांचक हवाई करतबों का गवाह बनने के लिए काशी तैयार है। 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नमो घाट से लेकर गंगा पार के डुमरी, सुजाबाद और कटेसर क्षेत्र तक सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शकों की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का अनुमान है कि आयोजन के दौरान 15 से 20 लाख लोग पहुंच सकते हैं। इतनी बड़ी संभावित भीड़ को देखते हुए गंगा पार के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

बुधवार को सुबह 10:40 बजे प्रस्तावित ट्रायल देखने के लिए वाराणसी के साथ आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर समेत आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचे। मुख्य आयोजन के दौरान भीड़ और जाम से बचने के लिए लोग पहले से पहुंचने की योजना बना रहे हैं।

नमो घाट पर प्रधानमंत्री के लिए मंच तैयार
25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर नमो घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री के लिए मंच तैयार हो चुका है। मंच के दोनों ओर सैकड़ों कॉटेज बनाए गए हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, दर्शकों की आवाजाही और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग मुस्तैद हैं। प्रशासन का प्रयास है कि भारी भीड़ के बावजूद यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

गंगा पार 19 ब्लॉकों में सुविधाएं, पांच प्रवेश द्वार
डुमरी, सुजाबाद और कटेसर क्षेत्र में दर्शकों के लिए 19 ब्लॉक तैयार किए गए हैं। इनमें सीसीटीवी कैमरे, माइक, पेयजल, मोबाइल शौचालय और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गई है। भीड़ पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए वॉच टावर भी लगाए गए हैं। दर्शकों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए पांच प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। प्रशासन का जोर प्रवेश और निकासी के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने पर है।

पड़ाव में पांच हजार वाहनों की पार्किंग
एयर शो के दौरान यातायात का दबाव कम रखने के लिए पड़ाव क्षेत्र में लगभग पांच हजार वाहनों की पार्किंग तैयार की गई है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, पड़ाव-रामनगर मार्ग से गंगा की ओर वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को मार्ग के बाईं ओर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा। यहां से दर्शकों को करीब 300 से 400 मीटर पैदल चलकर निर्धारित स्थल तक पहुंचना होगा। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

दोपहर दो बजे तक दिखेगा हवाई रोमांच
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार, एयर शो के प्रत्येक निर्धारित दिन दो शो होंगे। पहला शो सुबह 11:40 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरा दोपहर एक बजे से दो बजे तक निर्धारित है। इन प्रदर्शनों में दर्शकों को भारतीय वायुसेना के हवाई कौशल की झलक देखने को मिलेगी। अब प्रशासन की तैयारियों की असली परीक्षा आयोजन के दिनों में होगी। लाखों दर्शकों की आवाजाही के बीच सुरक्षा, पार्किंग और यातायात का बेहतर समन्वय बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होगी।