करसड़ा प्लांट की बढ़ेगी क्षमता, 1100 टन कचरे के प्रसंस्करण की तैयारी, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वाराणसी। शहर में बढ़ती कूड़े की मात्रा को देखते हुए नगर निगम ने करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को प्लांट का स्थलीय निरीक्षण कर कचरा प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त ट्रॉमेल लगाने समेत कई निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर से पहले प्रतिदिन करीब 600 से 700 टन कूड़ा प्लांट पहुंचता था, जो अब बढ़कर लगभग 1100 टन हो गया है। बढ़ी हुई मात्रा के अनुरूप कूड़े के प्रसंस्करण के लिए प्लांट में अतिरिक्त ट्रॉमेल लगाए जाएंगे। उन्होंने आरडीएफ लाइन का पूरा सामान प्लांट पर पहुंचने की जानकारी देते हुए इसे जल्द स्थापित कर चालू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने प्लांट की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट (एलटीपी) को पूरी तरह फंक्शनल बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उत्पादित कंपोस्ट (खाद) को सुरक्षित रखने के लिए पक्का फ्लोर और शेड तैयार करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने वेस्ट टू वेस्टर्न मार्ग की वेस्ट स्टेम सड़क के किनारे जमा कचरे का प्रसंस्करण कर उसे हटाने को कहा। इससे सड़क के किनारे की जगह खाली होने के साथ मार्ग को चौड़ा करने और कचरा वाहनों के सुगम आवागमन में मदद मिलेगी।
उन्होंने प्लांट में तैयार होने वाली खाद की नियमित लैब जांच कराने तथा गुणवत्ता की निगरानी के लिए हर महीने पूरे प्लांट परिसर का ड्रोन सर्वे कराने का आदेश दिया। साथ ही प्लांट स्थित स्थानीय कार्यालय के मेंटेनेंस और रखरखाव में सुधार लाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने और प्लांट की क्षमता व कार्यप्रणाली को शहर से निकलने वाले कचरे की वर्तमान मात्रा के अनुरूप विकसित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।