कर्नाटक निवासी पर्यटक का तुलसी घाट पर मिला शव, बेटे के व्हाट्सएप पर भेजे सुसाइड नोट में गंगा में देह त्यागने की कही बात

भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर एक 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कर्नाटक निवासी श्रीनिवास मूर्ति के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतक के पुत्र सिद्धार्थ ने पुलिस को दी थी, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई। तुलसी घाट पर गंगा में शव बरामद किया गया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। 
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर एक 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कर्नाटक निवासी श्रीनिवास मूर्ति के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतक के पुत्र सिद्धार्थ ने पुलिस को दी थी, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई। तुलसी घाट पर गंगा में शव बरामद किया गया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। 

रात करीब 12 बजे कंट्रोल रूम को सिद्धार्थ ने बताया कि उनके पिता श्रीनिवास मूर्ति मोबाइल बंद करके गायब हो गए हैं। उनकी अंतिम लोकेशन अस्सी घाट पर दिखी है। सिद्धार्थ ने अपने पिता की फोटो और जिस होटल में वे ठहरे थे, उसकी जानकारी पुलिस को दी। होटल प्रबंधन ने बताया कि श्रीनिवास सुबह से कमरे में नहीं लौटे और कमरे में ताला लगा हुआ है।

खोजबीन के दौरान सिद्धार्थ ने पुलिस को एक सुसाइड नोट भेजा, जिसे उनके पिता ने व्हाट्सएप पर भेजा था। सुसाइड नोट में श्रीनिवास ने लिखा था कि वे अपनी देह गंगा नदी में त्यागना चाहते हैं। पुलिस ने जल पुलिस और मोबाइल टीम की मदद से घाटों पर तलाशी शुरू की। जब टीम तुलसी घाट पहुंची, तो वहां कपड़े और मोबाइल पड़े मिले। जांच में आधार कार्ड और अन्य सामान से पुष्टि हुई कि वे श्रीनिवास मूर्ति के ही हैं।

जल पुलिस की टीम ने गगा से शव बरामद किया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने श्रीनिवास के बेटे सिद्धार्थ और संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी है।