कदंब की डाल से गंगा में कूदे कान्हा, कालिया नाग का किया मान मर्दन, ऐतिहासिक नाग नथैया लीला के साक्षी हुए देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु 

काशी की सांस्कृतिक चेतना में कुछ परंपराएं ऐसी रची-बसी हैं, जिनके सामने समय भी नतमस्तक नजर आता है। नाग नथैया उन्हीं अनूठी परंपराओं में से एक है। शुक्रवार को तुलसी घाट पर जब कदंब की डाल से कान्हा ने गंगा की लहरों में छलांग लगाई और कुछ ही पलों बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर प्रकट हुए तो लगा मानो पांच सौ वर्ष पुरानी परंपरा के साथ द्वापर युग भी काशी के आंगन में उतर आया हो। गंगा की लहरें यमुना का आभास कराने लगीं और पूरा घाट श्रीकृष्ण तथा हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अद्भुत क्षण का साक्षी बनने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़े। तुलसी घाट से लेकर अस्सी, गंगा महल और रीवा घाट तक श्रद्धालुओं की ऐसी भीड़ जुटी कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची। लोग चार से पांच घंटे पहले ही घाटों पर पहुंचकर अपने आराध्य के दर्शन की प्रतीक्षा में बैठ गए थे।
 

तुलसी घाट पर 500 साल पुरानी नाग नथैया लीला का भव्य मंचन, श्रीकृष्ण के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब

 

चार-पांच घंटे पहले ही घाटों पर जुटने लगे थे श्रद्धालु, कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते नटखट कन्हैया का अलौकिक रूप देख भावविभोर हुए भक्त

 

ऐतिहासिक नाग नथैया लीला देखने काशी से लेकर विदेश तक के श्रद्धालु पहुंचे 

वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक चेतना में कुछ परंपराएं ऐसी रची-बसी हैं, जिनके सामने समय भी नतमस्तक नजर आता है। नाग नथैया उन्हीं अनूठी परंपराओं में से एक है। शुक्रवार को तुलसी घाट पर जब कदंब की डाल से कान्हा ने गंगा की लहरों में छलांग लगाई और कुछ ही पलों बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर प्रकट हुए तो लगा मानो पांच सौ वर्ष पुरानी परंपरा के साथ द्वापर युग भी काशी के आंगन में उतर आया हो। गंगा की लहरें यमुना का आभास कराने लगीं और पूरा घाट श्रीकृष्ण तथा हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अद्भुत क्षण का साक्षी बनने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़े। तुलसी घाट से लेकर अस्सी, गंगा महल और रीवा घाट तक श्रद्धालुओं की ऐसी भीड़ जुटी कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची। लोग चार से पांच घंटे पहले ही घाटों पर पहुंचकर अपने आराध्य के दर्शन की प्रतीक्षा में बैठ गए थे।

कालिया के फन पर कन्हैया, गंगा में दिखी यमुना की छवि
लीला का सबसे रोमांचक क्षण तब आया, जब बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ फूलों की गेंद से खेलते-खेलते उसे गंगा में गिरा देते हैं। गेंद निकालने के लिए कान्हा कदंब के वृक्ष पर चढ़ते हैं और फिर देखते ही देखते गंगा की लहरों में छलांग लगा देते हैं। कुछ क्षणों के इंतजार के बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर भगवान श्रीकृष्ण जल से बाहर प्रकट होते हैं। नाग के फन पर विराजमान कान्हा का यह मनोहारी दृश्य देखते ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच जाता है। घाट पर मौजूद हजारों हाथ एक साथ भगवान के अभिनंदन में उठ जाते हैं। जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो जाता है। ऐसा प्रतीत होता है, मानो गंगा की धारा में यमुना का अवतरण हो गया हो और कलियुग में द्वापर की लीला साकार हो उठी हो।

काशीराज परिवार ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा
इस ऐतिहासिक आयोजन में काशीराज परिवार के प्रतिनिधि डॉ. अनंत नारायण सिंह ने भी सहभागिता की। उन्होंने परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए। काशी राजपरिवार की ओर से इस लीला में शामिल होने की परंपरा सदियों से निभाई जाती रही है। लीला के दौरान राजपरिवार की उपस्थिति आयोजन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी रेखांकित करती रही।

30 साल बाद लौटीं तो बचपन की स्मृतियां हुईं जीवंत
नाग नथैया का आकर्षण सिर्फ काशीवासियों तक सीमित नहीं है। देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस लीला के दर्शन के लिए खिंचे चले आते हैं। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली वाराणसी की रानी वर्मन करीब 30 साल बाद इस लीला को देखने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने नाग नथैया देखा था। लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर इस आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचते ही सब कुछ अपना-अपना सा लगने लगता है। दुनिया में ऐसी अनूठी लीला कहीं और देखने को नहीं मिलती। कुछ क्षणों के इस आयोजन के लिए लोग घंटों इंतजार करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण के गंगा से प्रकट होने का दृश्य देखकर ऐसा लगा, मानो वह सचमुच सामने आ गए हों। यह उनके लिए बेहद अलौकिक अनुभव रहा।

श्रद्धालु सोनू झा ने बताया कि नाग नथैया काशी की बेहद पुरानी परंपरा है और इसे लक्खा मेले में शामिल किया जाता है। देश ही नहीं, विदेशों से भी लोग इस लीला को देखने आते हैं। श्रद्धालु इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करने के साथ ही यादों में भी संजो लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब कान्हा गंगा में छलांग लगाकर कालिया नाग के फन पर नृत्य करते हुए दर्शन देते हैं तो पूरा वातावरण कृष्णमय हो जाता है।

तुलसीदास ने करीब 500 वर्ष पूर्व शुरू कराई थी परंपरा
नाग नथैया लीला की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी उतनी ही विशिष्ट है, जितना इसका मंचन। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर गोस्वामी तुलसीदास ने करीब 500 वर्ष पूर्व तुलसी घाट पर इस लीला की शुरुआत कराई थी। तब से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र के अनुसार, यह लीला काशी की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है और आज विश्वभर में प्रसिद्ध है।

उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था। तब भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मर्दन कर उसे यमुना छोड़कर जाने का आदेश दिया था। नाग नथैया लीला इसी प्रसंग को जीवंत करती है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण का उद्देश्य कालिया नाग का वध करना नहीं, बल्कि यमुना को उसके विषैले प्रभाव से मुक्त कराना था।

हर साल काशी की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ता है नया अध्याय
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी लीला के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा करीब 500 वर्ष पूर्व शुरू कराई गई यह परंपरा आज भी पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। संकट मोचन महंत की कृपा से यह आयोजन निरंतर जारी है। काशी के राजपरिवार सहित बड़ी संख्या में लोग हर साल इस लीला में सहभागी बनते हैं।

नाग नथैया की खासियत यही है कि कुछ क्षणों का यह मंचन श्रद्धालुओं के मन में पूरे वर्ष के लिए स्मृतियां छोड़ जाता है। न कोई भव्य मंच, न आधुनिक तकनीक का तामझाम, सिर्फ आस्था, परंपरा और गंगा की लहरों पर साकार होती कृष्ण लीला। यही वह आकर्षण है, जो पांच शताब्दियों से काशी को इस अद्भुत आयोजन से बांधे हुए है।




<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/ze7FIg2TsB0?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/ze7FIg2TsB0/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">