वाराणसी : जितेंद्र पटेल हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपियों को पकड़ा, पैर में लगी गोली
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर में 8 जून को हुए चर्चित जितेंद्र पटेल हत्याकांड का पुलिस ने 21 दिनों के भीतर पर्दाफाश कर दिया। मामले की लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बाइक, अवैध असलहे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को रोहनिया क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्ञानशू पटेल और गोलू पटेल के रूप में हुई है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों की संलिप्तता जितेंद्र पटेल हत्याकांड में सामने आई। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टीवीएस रोनिन मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, एक अवैध तमंचा तथा कई कारतूस बरामद किए हैं।
घायल दोनों आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और यदि इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।