गजब हाल है ! वाराणसी में बिना रजिस्ट्रेशन सड़क पर फर्राटा भरते मिली नई नवेली बाइक, वाहन सीज; शोरूम मालिक पर कार्रवाई की तैयारी

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में बिना नंबर और बिना पंजीकरण वाले वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। चेकिंग के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन की नई बाइक पकड़ी गई, जिसे मौके पर ही पुलिस ने सीज कर दिया। साथ ही संबंधित शोरूम मालिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को पत्राचार किया गया है।
 
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई नई बाइक
यह मामला तब सामने आया जब पुलिस टीम राजा बाजार नरदेसर क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक होंडा SP125 बाइक को रोका गया, जो बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ रही थी। वाहन चालक से जब कागजात मांगे गए तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

शोरूम से बिना रजिस्ट्रेशन वाहन देने का आरोप
पूछताछ में चालक ने बताया कि उसने यह बाइक हरुआ स्थित नरेंद्र होंडा सेंटर से खरीदी है। जांच में सामने आया कि शोरूम द्वारा वाहन को बिना पंजीकरण के ही ग्राहक को सौंप दिया गया, जो कि नियमों के खिलाफ है।

न्यायालय के आदेश की अवहेलना
पुलिस के अनुसार, माननीय न्यायालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि बिना रजिस्ट्रेशन के कोई भी वाहन शोरूम से बाहर नहीं निकाला जा सकता। इसके बावजूद संबंधित एजेंसी द्वारा नियमों की अनदेखी कर वाहन सौंपना गंभीर मामला माना जा रहा है।

परिवहन विभाग को भेजा गया पत्र
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया है। साथ ही शोरूम मालिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी, वाराणसी को पत्र भेजा गया है।

अभियान जारी, सख्ती बढ़ी
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में बिना नंबर और बिना पंजीकरण वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।