विश्वसुंदरी पुल पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से सिंचाई विभाग के जिलेदार की मौत

रामनगर थाना क्षेत्र स्थित विश्वसुंदरी गंगा पुल पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिंचाई विभाग के जिलेदार की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार संतोष कुमार सोनकर (48) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 
 

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र स्थित विश्वसुंदरी गंगा पुल पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिंचाई विभाग के जिलेदार की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार संतोष कुमार सोनकर (48) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

मिर्जापुर जिले के अहरौरा नईबाजार निवासी संतोष सोनकर चंदौली के चकिया स्थित सिंचाई विभाग में जिलेदार के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वे वाराणसी के लोहता क्षेत्र स्थित शिवनगर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वे अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे।

जैसे ही वे विश्वसुंदरी पुल पर पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही संतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलते हुए डाफी की ओर फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवा दिया। उधर, जैसे ही हादसे की खबर परिवार को मिली, पत्नी नीता सोनकर समेत परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि फरार ट्रक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।