रामनगर में सड़क निर्माण में अनियमितता, दो ठेकेदारों पर मुकदमा

रामनगर क्षेत्र में मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत हो रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
 

वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत हो रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

रामपुर क्षेत्र में पारस नाथ गुप्ता के आवास से कमल कुमार वर्मा के आवास तक सड़क निर्माण एवं इंटरलॉकिंग कार्य ई-निविदा के माध्यम से कानपुर स्थित फर्म मेसर्स अवी इन्फ्राटेक को दिया गया था। कार्य की समय सीमा 17 फरवरी 2026 निर्धारित थी, लेकिन ठेकेदारों द्वारा न तो कार्य समय पर पूरा किया गया और न ही निर्माण की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई।

मामले की जांच के बाद डूडा के निर्माण खंड-3 के अधिकारी अमर चंद गुप्ता की तहरीर पर रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फर्म के प्रोपराइटर विनेश कुमार कुशवाहा और अंकुर कुशवाहा ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और घटिया सामग्री का प्रयोग किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(1) (छल) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी है, जिसमें जिलाधिकारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को भी रिपोर्ट प्रेषित की गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच में दोष सिद्ध होने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।