CHS प्रवेश परीक्षा में गड़बड़झाला, एक रोल नंबर पर दो छात्र, दूसरे के नाम पर परीक्षा देते पकड़े गए अभ्यर्थी
वाराणसी। बीएचयू से संचालित सीएचएस की प्रवेश परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। कक्षा 11 की प्रवेश परीक्षा के दौरान एक ही रोल नंबर पर दो अलग-अलग छात्र परीक्षा देते पाए गए। इससे हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों छात्रों को पूछताछ के लिए लंका थाने भेज दिया गया है।
उज्जवल कुमार (पिता मुन्ना राम) की जगह कोई अन्य छात्र परीक्षा देता मिला, जबकि दूसरे मामले में दिव्यांशु सोनकर (पिता राम जी सोनकर) के नाम पर भी किसी और के परीक्षा देने की पुष्टि हुई। इस तरह की गड़बड़ी ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित छात्रों को पूछताछ के लिए लंका थाना भेज दिया है, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इस पूरी घटना के चलते वास्तविक छात्र परीक्षा से वंचित रह गए, जिससे उनके भविष्य को लेकर परिजनों में चिंता बढ़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों छात्रों के परिजन थाने पहुंच गए और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि समय रहते दस्तावेजों और रोल नंबर का सही सत्यापन किया गया होता, तो ऐसी स्थिति पैदा ही नहीं होती। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रभावित छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर देने की भी अपील की है।