वाराणसी में 24 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 125 परियोजनाएं शुरू, डीएम ने निवेशकों की समस्याएं समयबद्ध हल करने के दिए निर्देश

जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक प्रगति सामने आई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जनपदीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की समीक्षा बैठक हुई। इसमें निवेश प्रस्तावों, परियोजनाओं की प्रगति और निवेशकों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक प्रगति सामने आई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जनपदीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की समीक्षा बैठक हुई। इसमें निवेश प्रस्तावों, परियोजनाओं की प्रगति और निवेशकों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वाराणसी में अब तक 201 एमओयू के माध्यम से करीब 24,187.92 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 125 परियोजनाएं पूरी तरह ऑपरेशनल हो चुकी हैं। इन परियोजनाओं में करीब 9,180.12 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है, जबकि 25 परियोजनाओं पर अभी कार्य चल रहा है। प्रशासन ने इसे जिले के औद्योगिक परिदृश्य के लिए उत्साहजनक प्रगति बताया।

बैठक के दौरान ‘निवेश मित्र पोर्टल’ की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक पोर्टल के माध्यम से 2003 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1646 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर आने वाले सभी प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे निवेशकों को अनावश्यक परेशानी न हो।

डीएम ने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) समेत संबंधित विभागों को निवेशकों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। औद्योगिक आस्थान चांदपुर की व्यवस्थाओं को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में अनधिकृत रूप से खड़े ट्रांसपोर्ट वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग तथा ट्रैवल एजेंसियों की बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय, कमिश्नरेट, उपायुक्त उद्योग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे। उद्यमियों ने वाराणसी में बदलते निवेश माहौल और प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग की सराहना की। बैठक में अधिकारियों ने निवेश को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया।