वाराणसी में अब अंडरग्राउंड होंगे इंटरनेट और डिश टीवी के केबल, सड़कों से हटेगा तारों का जाल

 
वाराणसी। शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे बिजली, इंटरनेट और केबल टीवी के बेतरतीब तारों के जाल से अब वाराणसी को राहत मिलने वाली है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल सहित कई प्रमुख कंपनियों ने शहर में केबल नेटवर्क को अंडरग्राउंड करने पर सहमति जताई। इस पहल से सड़कों और गलियों में फैले तारों के मकड़जाल को खत्म किया जाएगा और शहर का स्वरूप बेहतर बनाया जाएगा।

स्मार्ट सिटी के तहत अंडरग्राउंड नेटवर्क का इस्तेमाल

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जहां-जहां अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी कंपनियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर उन्हें जमीन के नीचे शिफ्ट करेंगी। इसके साथ ही सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाए गए यूटिलिटी डक्ट का भी उपयोग केबल बिछाने के लिए किया जाएगा। इससे सड़कों के किनारे लटकते तारों का जाल समाप्त होगा और शहर की सुंदरता में भी सुधार आएगा।

खंभों पर लगेगा वायर कवरिंग बॉक्स

शहर के कई स्थानों पर खंभों पर लटकते तारों के गुच्छों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। एयरटेल की ओर से एक ‘वायर कवरिंग बॉक्स’ का मॉडल प्रस्तुत किया गया है, जिसके माध्यम से खंभों पर फैले तारों को ढककर व्यवस्थित किया जाएगा। पहले चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख मार्गों पर इन बॉक्स का प्रयोग किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा।

तंग गलियों में दीवारों पर लगाए जाएंगे क्लैंप

मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग गलियों में, जहां खंभे उपलब्ध नहीं हैं, वहां तारों को व्यवस्थित करने के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। इन क्षेत्रों में स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर क्लैंप लगाए जाएंगे, जिनके सहारे तारों को व्यवस्थित तरीके से बांधा जाएगा।

नगर निगम ने इस कार्य को सफल बनाने के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से शहर का सौंदर्य बढ़ेगा और काशी आने वाले पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं के सामने शहर की सकारात्मक छवि प्रस्तुत होगी।