नमो घाट से अंतष्ट्रीय योग सप्ताह का आगाज, योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को नमो घाट पर भव्य रूप से किया गया। अलसुबह आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन पारस यादव ‘पप्पू’ और डॉ. दीपिका दवे ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। योग प्रशिक्षक दिनेश कुमार मौर्य और योग प्रशिक्षिका आरती सिंह के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।
आयुष मंत्री ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों के कारण योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जाता है।
एमएसएमई राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार योग, आयुष चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. नितेश श्रीवास्तव, एसडीएम पवन कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय यादव, गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’, गौरव राठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।