अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : चेतगंज और सिगरा थानों में सामूहिक योगाभ्यास, पुलिसकर्मियों ने अपनाया फिटनेस का मंत्र 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न थाना परिसरों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में चेतगंज और सिगरा थानों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से योग और प्राणायाम कर स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया।
 

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न थाना परिसरों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में चेतगंज और सिगरा थानों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से योग और प्राणायाम कर स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया।

चेतगंज थाना क्षेत्र के नाटी इमली स्थित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक वी.के. शुक्ला के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान वी.के. शुक्ला ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण दिनचर्या में योग तनाव दूर करने तथा स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।

वहीं थाना सिगरा परिसर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता बढ़ती है और तनाव पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

सिगरा थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सेवा में कार्यरत कर्मियों को अक्सर कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में योग उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

दोनों कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को योग के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों का समापन "करें योग, रहें निरोग" के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।