अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : सिगरा स्टेडियम में गूंजा योग का संदेश, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार सुबह भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह की ताजगी और उत्साह के बीच स्टेडियम परिसर योग साधकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से खचाखच भरा नजर आया। नगर निगम वाराणसी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।
 

वाराणसी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार सुबह भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह की ताजगी और उत्साह के बीच स्टेडियम परिसर योग साधकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से खचाखच भरा नजर आया। नगर निगम वाराणसी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल और मंत्रोच्चार के साथ हुआ। आयुष मंत्रालय के मुख्य प्रशिक्षक इदल प्रसाद ने उपस्थित साधकों को योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने क्रमवार ताड़ासन, अर्धचक्रासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, वक्रासन, शलभासन, सेतुबंध आसन तथा अर्धहलासन का अभ्यास कराया। इसके बाद कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक संतुलन का महत्व बताया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योग की शुद्धिकरण क्रिया ‘धौती वस्त्र’ का सजीव प्रदर्शन रहा। प्रशिक्षक इदल प्रसाद ने इस पारंपरिक योग क्रिया का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग की गहन और वैज्ञानिक परंपरा से परिचित कराया। इस प्रदर्शन को दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सराहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश पटेल और महापौर अशोक कुमार तिवारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी योगाभ्यास में भाग लेते हुए लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक पहचान प्राप्त कर चुका है और दुनिया के करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि काशीवासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता यह दर्शाती है कि शहर के लोग स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क एक बेहतर समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। नगर निगम का उद्देश्य योग को केवल एक वार्षिक आयोजन तक सीमित न रखकर नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।

कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अनेक पार्षदों, गणमान्य नागरिकों और योग प्रेमियों ने भाग लेकर स्वस्थ, निरोग और संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।