अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : योगमय होगी आदियोगी की नगरी, एक साथ योगाभ्यास करेंगे 5 लाख काशीवासी
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आदियोगी की नगरी काशी योगमय हो जाएगी। शहर के 84 घाटों, मंदिरों, पार्कों, प्रशासनिक दफ्तरों, सरकारी भवनों, राजनीतिक दलों के कार्यालय और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 जून को एक साथ 5 लाख लोग योगाभ्यास करेंगे। प्रशासन और संस्थाएं योग दिवस के भव्य आयोजन की तैयारी में जुटे हैं।
योग दिवस से पहले सोमवार को नमो घाट से योग सप्ताह की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। योग सप्ताह के दौरान रोजाना 10 हजार से अधिक लोगों को योग गतिविधियों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। काशी के अर्धचंद्राकार 84 घाटों पर योग की विशेष झलक दिखाई देगी।
काशी में मुख्य आकर्षण 17 जून को गंगा में निकलने वाली योग यात्रा होगी। यह यात्रा नमो घाट से शुरू होकर गंगोत्री सेवा समिति के सहयोग से विभिन्न घाटों तक पहुंचेगी। इस दौरान योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा।
प्रशासन ने विभागों, संस्थाओं, संगठनों और आम नागरिकों से योग कार्यक्रमों में भागीदारी की अपील की है। 21 जून को घाटों के साथ ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी योग कराया जाएगा।
राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि योग को जन-जन का अभियान बनाना है। उन्होंने नागरिकों से परिवार सहित योग कार्यक्रमों में शामिल होने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।