वाराणसी कचहरी परिसर की सघन तलाशी, बम और डॉग स्क्वॉड के साथ भारी फोर्स देख चर्चाओं का बाजार गर्म 

वाराणसी। वाराणसी कचहरी परिसर में मंगलवार को नियमित सुरक्षा व्यवस्था के तहत सघन जांच अभियान चलाया गया। एसीपी कैंट के नेतृत्व में बम डिस्पोजल टीम और थाना कैंट की पुलिस फोर्स ने डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर पूरे परिसर की चेकिंग की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई रुटीन सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है।
 
हाल में मिली धमकी के बाद सतर्कता
कुछ दिन पहले कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। हालांकि आज की कार्रवाई किसी ताजा धमकी के कारण नहीं, बल्कि नियमित सुरक्षा जांच के तहत की गई। पुलिस ने न्यायालय कक्षों, प्रवेश द्वारों, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली।

2007 हमले के कारण संवेदनशील श्रेणी में कचहरी
वाराणसी कचहरी पहले भी आतंकी हमले का शिकार हो चुकी है। 23 नवंबर 2007 को हुए बम विस्फोट में 10 लोगों की जान गई थी। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए कचहरी परिसर को अति संवेदनशील माना जाता है और समय-समय पर इस तरह की चेकिंग की जाती रहती है।

भारी फोर्स रही तैनात
चेकिंग अभियान के दौरान कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा समेत पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध स्थानों की जांच की, जबकि बम निरोधक दस्ता हर संभावित जोखिम वाले स्थानों का निरीक्षण करता रहा।

सुरक्षा से समझौता नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कचहरी में कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील मामलों की सुनवाई होती है, इसलिए यहां सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित जांच और निगरानी के जरिए किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टालने की कोशिश की जाती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी।