कचहरी क्षेत्र में जाम से राहत की पहल, मल्टीलेवल पार्किंग के प्रथम तल का उद्घाटन

पुलिस कमिश्नर की पहल पर कचहरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी पार्किंग और यातायात जाम की समस्या को कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शुक्रवार को कचहरी स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के प्रथम तल का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सेंट्रल बार एसोसिएशन और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।
 

वाराणसी। कचहरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी यातायात जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कचहरी क्षेत्र में विकसित नवीन पार्किंग स्थल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्तागण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कचहरी क्षेत्र शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी, अधिकारी, कर्मचारी और आमजन पहुंचते हैं। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती थी और आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्वयं क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्ययोजना तैयार कराई।

 

पुलिस प्रशासन और बार एसोसिएशन के बीच कई चरणों में विचार-विमर्श और बैठकों के बाद इस स्थान को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त और नगर निगम प्रशासन के सहयोग से लगभग एक माह के भीतर इस पार्किंग स्थल को तैयार किया गया। यहां लगभग 1000 दो-पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिससे सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

 

उद्घाटन अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग व्यवस्था के शुरू होने से कचहरी क्षेत्र में यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम लोगों को भी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव और वाहनों की संख्या को देखते हुए इस पार्किंग स्थल को मल्टीलेवल पार्किंग के रूप में विकसित करने की योजना भी तैयार की जा रही है। इससे अधिक संख्या में वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की जा सकेगी। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि लोगों का समय भी बचेगा और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।