कोलकाता में खराब मौसम के चलते वाराणसी डायवर्ट हुई इंडिगो फ्लाइट, 1.14 घंटे बाद रवाना हुआ विमान
वाराणसी। कोलकाता एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण सोमवार को गुवाहाटी से कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-729 गुवाहाटी से कोलकाता के लिए रवाना हुई थी। लेकिन कोलकाता में खराब मौसम के चलते निर्धारित समय पर विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद पायलट ने विमान को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करने का निर्णय लिया।
विमान सोमवार शाम 4:26 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। विमान में 173 यात्री और चार चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। विमान के वाराणसी पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं।
करीब एक घंटे 14 मिनट तक वाराणसी एयरपोर्ट पर रुकने के बाद मौसम में सुधार की सूचना मिलने पर विमान ने शाम 5:40 बजे कोलकाता के लिए दोबारा उड़ान भरी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खराब मौसम की स्थिति में विमान को वाराणसी डायवर्ट करने का फैसला लिया गया।