वाराणसी : इंडिगो फ्लाइट संकट जारी, 17 उड़ानें रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा, बोले हमारी समस्या कोई नहीं सुन रहा
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में लगातार आ रही बाधाओं के कारण यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। शनिवार सुबह एयरपोर्ट के इंडिगो काउंटर के बाहर बड़ी संख्या में यात्री अपनी शिकायतें लेकर पहुंच गए। सुबह नौ बजे से ही यात्री खिड़की के बाहर लाइन में खड़े होकर अपनी समस्याएं बताने का प्रयास करते रहे, लेकिन काफी देर तक उनकी बात सुनने वाला कोई मौजूद नहीं था। इससे यात्रियों में आक्रोश का माहौल रहा।
स्थिति बिगड़ते देख इंडिगो के कर्मचारी कुछ देर बाद काउंटर पर पहुंचे और यात्रियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी से मिली जानकारी के अनुसार, आज इंडिगो की कुल 17 फ्लाइट्स अचानक रद्द कर दी गईं। इन रद्द उड़ानों के कारण यात्रियों में भारी असुविधा हुई। कई यात्रियों को रद्दीकरण की पूर्व सूचना नहीं मिली, जिस वजह से वे एयरपोर्ट पहुंचकर ही समस्या का पता लगा सके। अपनी यात्रा रद्द होने से परेशान यात्री इधर-उधर जानकारी के लिए भटकते नजर आए।
एयरपोर्ट पर मौजूद कुछ महिला और पुरुष यात्रियों ने बताया कि वे कई घंटे से काउंटर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सही जानकारी और समाधान नहीं मिल पा रहा। कहा कि हमारी सुनने वाला कोई नहीं है। एयरलाइंस के प्रतिनिधि संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। हम सभी के टिकट कैंसिल करवाए गए। कई दिनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बताया कि अन्य एयरलाइंस ने किराया इतना अधिक बढ़ा दिया है कि उसका वहन करना संभव नहीं है। सरकार भी हमारे जैसे यात्रियों के लिए कोई इंतजाम नहीं कर रही है।