वाराणसी-नई दिल्ली के बीच चलेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत, बनारस स्टेशन पहुंची रैक, शनिवार को रेलमंत्री और मुख्यमंत्री करेंगे रवाना, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
16 कोच की ट्रेन में 823 यात्रियों के सफर की सुविधा, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा ठहराव
वाराणसी। देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस के संचालन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली यह ट्रेन 31 अक्टूबर से यात्रियों के लिए नई सुविधा लेकर आ रही है। शनिवार को बनारस स्टेशन से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन समारोह शाम चार बजे होगा। ट्रेन की रैक वाराणसी पहुंच चुकी है। लोहता स्थित वाशिंग यार्ड में इसकी साज-सज्जा और अंतिम तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम चौबीस घंटे निगरानी कर रही है।
16 कोच वाली इस वातानुकूलित ट्रेन में एसी प्रथम श्रेणी, एसी द्वितीय श्रेणी और एसी तृतीय श्रेणी के कोच होंगे। इसमें कुल 823 यात्री सफर कर सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, आरामदायक बर्थ, मोबाइल और अन्य उपकरणों की चार्जिंग के लिए प्वाइंट तथा स्वचालित दरवाजे लगाए गए हैं। वाराणसी से दिल्ली के बीच करीब 760 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन लगभग नौ घंटे 30 मिनट में तय करेगी।
मुख्यमंत्री के आगमन और उद्घाटन समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने बनारस स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एक नवंबर से 10 दिनों तक बदलेंगे ट्रेनों के प्लेटफॉर्म
स्लीपर वंदेभारत के सुचारु संचालन के लिए बनारस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। एक नवंबर से अगले दस दिनों तक कुछ ट्रेनों का संचालन बदले हुए प्लेटफॉर्म से होगा। शिवगंगा एक्सप्रेस अब प्लेटफॉर्म नंबर आठ के बजाय सात से रवाना होगी। बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर छह से चलेगी, जबकि गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर छह के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर एक से किया जाएगा।
ट्रेन की खासियत और समय-सारिणी
वाराणसी से नई दिल्ली 27421 और वापसी में 27422 ट्रेन संख्या के रूप में संचालन किया जाएगा। वाराणसी से ट्रेन रात 8:50 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा। इस ट्रेन में कुल 16 वातानुकूलित कोच हैं। वहीं 823 यात्रियों की क्षमता है। वाराणसी से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन और दिल्ली से शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालन होगा।
तस्वीरों में देखिये वंदेभारत की आधुनिक सुविधाएं