विदेश में रहने वाले भारतीय भी बन सकते हैं यूपी के वोटर, भरना होगा फॉर्म-6A, जानिए पंजीकरण और मतदान के नियम
लखनऊ। रोजगार, पढ़ाई या अन्य कारणों से विदेश में रह रहे उत्तर प्रदेश के भारतीय नागरिक भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर मतदान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें फॉर्म-6A भरकर प्रवासी भारतीय मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना होगा। हालांकि, इसके लिए भारतीय नागरिकता होना और किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण नहीं करना अनिवार्य है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत विदेश में रह रहे पात्र भारतीय नागरिक भी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- यूपी की मतदाता सूची में 4215 प्रवासी भारतीयों के नाम दर्ज, सात महीने में 590 की बढ़ोतरी
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा- गलत जानकारी देकर सामान्य मतदाता बनने पर होगी कानूनी कार्रवाई
लखनऊ। रोजगार, पढ़ाई या अन्य कारणों से विदेश में रह रहे उत्तर प्रदेश के भारतीय नागरिक भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर मतदान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें फॉर्म-6A भरकर प्रवासी भारतीय मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना होगा। हालांकि, इसके लिए भारतीय नागरिकता होना और किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण नहीं करना अनिवार्य है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत विदेश में रह रहे पात्र भारतीय नागरिक भी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर को प्रकाशित उत्तर प्रदेश की आलेख्य मतदाता सूची में 4215 प्रवासी भारतीय मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3492 पुरुष और 723 महिला मतदाता शामिल हैं। अप्रैल 2026 की अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले प्रवासी भारतीय मतदाताओं की संख्या में 590 की बढ़ोतरी हुई है।
विदेश में रहने वाले कौन भारतीय बन सकते हैं मतदाता?
नवदीप रिणवा ने बताया कि वर्ष 2011 में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 में संशोधन कर धारा 20A के तहत विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों को प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में पंजीकरण का अधिकार दिया गया था।
इसके तहत ऐसे भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं, जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से विदेश में रह रहे हैं, लेकिन उन्होंने किसी दूसरे देश की नागरिकता नहीं ली है।
आवेदक की आयु 1 जनवरी 2027 को कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। उसका नाम उसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज किया जाएगा, जिसके अंतर्गत उसके भारतीय पासपोर्ट में अंकित भारत स्थित निवास का पता आता है।
ऑनलाइन, ऑफलाइन और डाक से कर सकते हैं आवेदन
प्रवासी भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6A भरना होगा। आवेदन तीन माध्यमों से किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन: निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, भारतीय पासपोर्ट के फोटोयुक्त पृष्ठ, भारत स्थित निवास पते वाले पृष्ठ और वैध वीजा पृष्ठांकन वाले पृष्ठ की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
ऑफलाइन आवेदन: आवेदक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के कार्यालय में जाकर फॉर्म-6A जमा कर सकता है। इसके लिए पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठों की प्रतियों के साथ मूल भारतीय पासपोर्ट भी अधिकारी के सामने प्रस्तुत करना होगा।
डाक से आवेदन: विदेश में रह रहे भारतीय नागरिक संबंधित ERO को डाक से भी आवेदन भेज सकते हैं। इसके साथ नवीनतम रंगीन फोटो और पासपोर्ट के आवश्यक पृष्ठों की स्वप्रमाणित प्रतियां भेजनी होंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आवश्यक दस्तावेज स्वप्रमाणित नहीं होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
प्रवासी भारतीयों को नहीं मिलेगा वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट से होगी पहचान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रवासी भारतीय मतदाता के रूप में पंजीकरण होने के बाद संबंधित व्यक्ति मतदान करने का पात्र होता है। हालांकि, उसे सामान्य मतदाताओं की तरह मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) जारी नहीं किया जाता।
मतदान के दिन संबंधित प्रवासी भारतीय मतदाता को अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। वहां उसकी पहचान मूल भारतीय पासपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
इसलिए मतदान करने के लिए मूल भारतीय पासपोर्ट साथ लाना अनिवार्य है। केवल मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से विदेश में बैठे-बैठे मतदान करने की सुविधा नहीं मिलती।
यूपी में सात महीने में बढ़े 590 प्रवासी भारतीय मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की अंतिम मतदाता सूची में कुल 3625 प्रवासी भारतीय मतदाता दर्ज थे। इनमें 3035 पुरुष और 590 महिलाएं थीं।
वहीं, 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की आलेख्य मतदाता सूची में इनकी संख्या बढ़कर 4215 हो गई है।
इस अवधि में पुरुष प्रवासी मतदाताओं की संख्या 457 और महिला मतदाताओं की संख्या 133 बढ़ी है। इस प्रकार कुल 590 प्रवासी भारतीय मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।
पहले से वोटर आईडी बना है तो करना होगा समर्पित
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी प्रवासी भारतीय का नाम पहले से सामान्य मतदाता के रूप में दर्ज है और उसका वोटर आईडी कार्ड बना हुआ है, तो उसे प्रवासी भारतीय मतदाता के रूप में पंजीकरण कराते समय अपना EPIC समर्पित करना होगा।
उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए, जिनमें विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों के गणना प्रपत्र उनके परिवार के दूसरे सदस्यों ने भरकर और हस्ताक्षर करके जमा किए थे।
ऐसे नागरिकों से अपील की गई है कि वे सामान्य मतदाता के बजाय प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में अपना पंजीकरण कराएं।
इसके लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि में फॉर्म-6A भरकर आवेदन किया जा सकता है।
विदेश से भारत लौटने पर देनी होगी जानकारी
नवदीप रिणवा ने बताया कि यदि किसी प्रवासी भारतीय मतदाता के विदेश स्थित निवास पते में बदलाव होता है, तो इसकी जानकारी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को देना आवश्यक है।
इसी प्रकार यदि कोई प्रवासी भारतीय स्थायी रूप से भारत लौटकर यहां सामान्य रूप से निवास करने लगता है, तो उसे भी संबंधित अधिकारी को सूचित करना होगा।
इसके बाद प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में उसका नाम हटाकर फॉर्म-6 के माध्यम से उसके सामान्य निवास स्थान वाले विधानसभा क्षेत्र में पंजीकरण कराया जा सकता है।
गलत घोषणा कर वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाया तो होगी कानूनी कार्रवाई
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए गलत जानकारी देना या मिथ्या घोषणा करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों या उनके परिवार के सदस्यों द्वारा गलत घोषणा करके सामान्य मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के मामलों में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने पात्र प्रवासी भारतीय नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6A भरकर अपना पंजीकरण कराएं और मतदाता सूची में सही विवरण दर्ज कराएं।