नमो घाट पर दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य, राज्यमंत्री ने पीएम मोदी और सीएम योगी का जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के भव्य हवाई प्रदर्शन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन में 25 से 30 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में काशी लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पहचान बना रही है।
 

हंसराज विश्वकर्मा बोले- विकास की नई ऊंचाइयां छू रही काशी

22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा भव्य हवाई प्रदर्शन

लड़ाकू विमानों के करतब से रोमांचित होंगे काशीवासी

रिपोर्ट - ओमकार नाथ

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के भव्य हवाई प्रदर्शन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन में 25 से 30 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में काशी लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पहचान बना रही है।

आजादी के बाद पहली बार ऐसा आयोजन
राज्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद काशी में इस तरह का भव्य हवाई प्रदर्शन ऐतिहासिक और रोमांचकारी अवसर है। इसमें भारतीय वायुसेना के जांबाज जवान लड़ाकू विमानों के माध्यम से अपने शौर्य, साहस और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन देश की सैन्य शक्ति और रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता को देखने का अवसर प्रदान करेगा।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, वीवीआईपी आगमन की संभावना
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एयर शो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित आगमन का भी उल्लेख किया। इसके अलावा कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

युवाओं में बढ़ेगा देशभक्ति का जज्बा
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना का प्रदर्शन केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की रक्षा में जुटे जवानों के पराक्रम और तकनीकी दक्षता को करीब से देखने का अवसर होगा। आसमान में लड़ाकू विमानों के रोमांचकारी करतब युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और सैन्य बलों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करेंगे।

भैंसासुर घाट से नमो घाट तक बदली तस्वीर
हंसराज विश्वकर्मा ने नमो घाट के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले भैंसासुर घाट के नाम से पहचाने जाने वाला यह स्थान आज नमो घाट के रूप में नई पहचान बना चुका है। अब यहां भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन जैसा महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी में विकास कार्यों को गति मिली है। धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ अब शहर आधुनिक सुविधाओं और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए भी जाना जा रहा है।

काशीवासियों के लिए गौरव का अवसर
राज्यमंत्री ने कहा कि नमो घाट पर होने वाला हवाई प्रदर्शन काशीवासियों के लिए गर्व और उत्साह का अवसर होगा। इससे काशी की पहचान देश-दुनिया में और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचकर भारतीय वायुसेना के जवानों के साहस, कौशल और शौर्य के साक्षी बनेंगे।