एयर शो से पहले काशी पहुंचा वायुसेना का विशालकाय चिनूक हेलिकॉप्टर, गंगा के ऊपर रिहर्सल, गरजेंगे राफेल-सुखोई

गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनने के लिए काशी तैयार हो रही है। एयर शो से पहले वायुसेना का विशालकाय चिनूक हेलीकॉप्टर वाराणसी पहुंच गया है। इसके साथ ही नमो घाट पर होने वाले ‘विंग्स ओवर गंगा’ एरियल डिस्प्ले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और प्रचंड जैसे विमानों की ताकत के साथ सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के रोमांचक हवाई करतब देखने को मिलेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग युद्ध स्तर पर जुटे हैं। भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं तक की व्यवस्था तैयार की जा रही है।
 

नमो घाट पर एयर शो की तैयारियां युद्ध स्तर पर, 22, 24 और 25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का शौर्य

 ‘विंग्स ओवर गंगा’ में तेजस, प्रचंड और सूर्य किरण टीम के करतब बनेंगे आकर्षण

25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई विशिष्ट अतिथियों के आने की तैयारी

वाराणसी। गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनने के लिए काशी तैयार हो रही है। एयर शो से पहले वायुसेना का विशालकाय चिनूक हेलीकॉप्टर वाराणसी पहुंच गया है। इसके साथ ही नमो घाट पर होने वाले ‘विंग्स ओवर गंगा’ एरियल डिस्प्ले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और प्रचंड जैसे विमानों की ताकत के साथ सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के रोमांचक हवाई करतब देखने को मिलेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग युद्ध स्तर पर जुटे हैं। भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं तक की व्यवस्था तैयार की जा रही है।

एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। गंगा किनारे के इलाकों को समतल कराया जा रहा है, जबकि दर्शकों की सुविधा के लिए सेक्टर और जोन बनाकर भीड़ प्रबंधन की योजना तैयार की जा रही है।

चिनूक की एंट्री से बढ़ा उत्साह, नमो घाट पर तैयारियां तेज
एयर शो से पहले चिनूक हेलीकॉप्टर के वाराणसी पहुंचने से आयोजन को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। भारी वजन उठाने और सैन्य अभियानों में अपनी क्षमता के लिए पहचाना जाने वाला यह हेलीकॉप्टर वायुसेना के प्रमुख परिवहन हेलीकॉप्टरों में शामिल है। इसके आगमन के साथ ही काशी में हवाई प्रदर्शन की तैयारियां चर्चा में आ गई हैं। नमो घाट और गंगा किनारे के क्षेत्रों में आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित विभाग समन्वय से काम कर रहे हैं।

मंडलायुक्त बोले- मुकम्मल तैयारी की जा रही
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि एयर शो को लेकर मुकम्मल तैयारी की जा रही है। भीड़ प्रबंधन, विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही, स्वास्थ्य, पेयजल, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गैर जनपदों से पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मांग की गई है। गंगा किनारे के इलाकों का समतलीकरण कराया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे क्षेत्र को सेक्टर और जोन में बांटकर योजना बनाई जा रही है, ताकि दर्शकों को आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए अधिक दूरी तय न करनी पड़े।

राफेल-सुखोई की गर्जना से गूंजेगा आसमान
‘विंग्स ओवर गंगा’ के तहत प्रस्तावित एरियल डिस्प्ले में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस के साथ प्रचंड हेलीकॉप्टर आकर्षण का केंद्र होंगे। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के हवाई करतब दर्शकों को रोमांचित करेंगे। विमानों की सटीक फॉर्मेशन और आसमान में कलाबाजियां भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता, प्रशिक्षण और परिचालन क्षमता की झलक पेश करेंगी।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, यातायात का बनेगा प्लान
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम और भारी भीड़ को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय किया जा रहा है। वाराणसी और चंदौली के अधिकारियों के बीच भीड़ प्रबंधन को लेकर योजना बनाई जा रही है। बाहर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग मार्ग, पार्किंग और डायवर्जन की व्यवस्था प्रस्तावित है। राजघाट और सामनेघाट पुल समेत प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधों को लेकर भी तैयारी की जा रही है। गंगा में नावों और क्रूज के संचालन पर भी हवाई प्रदर्शन और रिहर्सल के दौरान निर्धारित समय के लिए रोक लगाई जा सकती है।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी व्यापक इंतजाम
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नमो घाट पर छह बेड का अस्थायी अस्पताल बनाने की तैयारी है। सरकारी और निजी अस्पतालों में 225 बेड सुरक्षित रखने, 50 एंबुलेंस तैनात करने तथा जिले के 24 ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना है। आपात स्थिति में मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए नमो घाट से बीएचयू और मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा तक ग्रीन कॉरिडोर बनाने की तैयारी भी की जा रही है। गंगा के 84 घाटों को सेक्टरों में बांटकर मेडिकल टीमों की तैनाती का खाका तैयार किया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त ने परखी तैयारी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, नमो घाट पर एयर शो की तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। आयोजन के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

काशी के ऐतिहासिक घाटों और मां गंगा की धारा के ऊपर आधुनिक लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन इस आयोजन को खास बनाएगा। चिनूक के वाराणसी पहुंचने के साथ अब लोगों की नजरें एयर शो पर टिक गई हैं।