बरेका में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने किया ध्वजारोहण, संस्थान की उपलब्धियां गिनाईं, दिव्यांग कर्मचारियों को बांटे सहायक उपकरण और स्मार्ट ग्लास
वाराणसी। बरेका में 80वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। बरेका स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से शुरू हुए समारोह में राष्ट्रगान, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह ने देशभक्ति का माहौल बनाया। इस दौरान महाप्रबंधक ने बरेका की उत्पादन, तकनीकी, पर्यावरण, कौशल विकास और सामाजिक क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ परेड कमांडर ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। महाप्रबंधक ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट एवं गाइड, बरेका इंटर कॉलेज के स्काउट-गाइड तथा कब और बुलबुल की टुकड़ियों ने भाग लिया।
‘विरासत बनारस की, गति आधुनिक भारत की’
समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों और राष्ट्र निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। इस विरासत को सुरक्षित रखना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति की आधारशिला है और बरेका स्थापना काल से ही राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। उन्होंने बरेका की पहचान को रेखांकित करते हुए कहा, “बरेका सिर्फ एक कारखाना नहीं है, बरेका है-विरासत बनारस की, गति आधुनिक भारत की।”
महाप्रबंधक ने कहा कि उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और कर्मचारियों की मेहनत के बल पर बरेका भारतीय रेल को लगातार मजबूत कर रहा है।
572 रेल इंजनों का रिकॉर्ड उत्पादन
महाप्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने कुल 572 रेल इंजनों का निर्माण किया, जो किसी वित्तीय वर्ष में अब तक का सर्वाधिक लोकोमोटिव उत्पादन है। इसमें 558 विद्युत लोकोमोटिव का रिकॉर्ड उत्पादन भी शामिल है। श्रम, सामग्री और ऊपरी लागत को मिलाकर बरेका का कुल टर्नओवर 5,844 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2024-25 की तुलना में करीब 17 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में रेलवे आपूर्तिकर्ताओं को 6,200 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बरेका को 460 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य मिला है, जिसमें 166 अमृत भारत लोकोमोटिव शामिल हैं। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 190 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण हो चुका है। जुलाई 2026 में 65 विद्युत लोकोमोटिव का निर्माण कर बरेका ने अब तक का सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया। स्थापना से अब तक बरेका 11,400 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहे लोकोमोटिव
महाप्रबंधक ने कहा कि बरेका तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में निर्मित लोकोमोटिव में ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली, वॉटरलेस यूरिनल, सीएलआई सीट, सिग्नल एक्सचेंज लाइट, DPWCS, इलेक्ट्रिक वाइपर, एर्गोनॉमिक क्रू सीट और इंस्पेक्टर सीट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल की जा रही हैं।
बरेका में अत्याधुनिक अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके उत्पादन में तेजी लाने के लिए इन-हाउस विनिर्माण क्षमता का विस्तार किया जा रहा है।
11 देशों को भेजे 180 से अधिक लोकोमोटिव
बरेका ने भारतीय रेल की तकनीकी क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है। महाप्रबंधक के अनुसार अब तक 11 देशों को 180 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात किए जा चुके हैं। वर्तमान में आईसीवीएल, मोजाम्बिक और दक्षिण अफ्रीका के लिए पांच-पांच लोकोमोटिव तथा 12 केप गेज बोगी असेंबली की आपूर्ति का ऑर्डर मिला है।
इसके अलावा बांग्लादेश के लिए 2200 एचपी मीटर गेज लोकोमोटिव परियोजना पर काम चल रहा है। बरेका की ओर से सेल दुर्गापुर और सेल राउरकेला को दो WDS-6 ADT डीजल लोकोमोटिव भी उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
सौर ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
महाप्रबंधक ने पर्यावरण संरक्षण को बरेका की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए वाराणसी नगर निगम के साथ नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समझौता किया गया है।
बरेका परिसर में वर्तमान में 3,874 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र संचालित हैं। इनके माध्यम से कुल विद्युत आवश्यकता का करीब 19 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा हो रहा है। इस वर्ष परिसर में 5,000 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय उत्कृष्टता के लिए बरेका को ग्रीनको गोल्ड प्रमाण-पत्र भी प्राप्त हुआ है।
800 से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण
कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियां बताते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र ने जून 2026 तक 8,400 से अधिक प्रशिक्षण दिवसों के माध्यम से 800 से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया है। इसके साथ ही 1,100 से अधिक इंजीनियरिंग और डिप्लोमा विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।
खेल और राजभाषा में भी बढ़ाया गौरव
समारोह में बरेका की राजभाषा और खेल उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार को रेल यात्रा वृत्तांत योजना-2025 में द्वितीय पुरस्कार मिला। अखिल रेल हिंदी नाट्य उत्सव-2025 में बरेका के कलाकार ने सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता का पुरस्कार प्राप्त किया।
खेल के क्षेत्र में बरेका की टीम ने अखिल भारतीय रेलवे गोल्फ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला कल्याण संगठन की ओर से सैकड़ों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मेधावी विद्यार्थियों और दिव्यांग कर्मचारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बरेका इंटर कॉलेज के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके अलावा दिव्यांग कर्मचारियों और उनके आश्रितों को उपयोगी सहायक उपकरण तथा स्मार्ट ग्लास वितरित किए गए। इस पहल के जरिए बरेका ने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मुख्य समारोह के बाद बरेका संगीत महाविद्यालय, बरेका सांस्कृतिक संस्था, महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित चेतना विद्यालय, बाल निकेतन विद्यालय, सेंट जॉन्स स्कूल और बरेका इंटर कॉलेज के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
देशभक्ति गीतों, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम और देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की। प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह का समापन सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राज कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
बरेका अस्पताल में हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद महाप्रबंधक आशुतोष पंत बरेका चिकित्सालय पहुंचे। यहां पैरामेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में एडवांस्ड हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया गया। महाप्रबंधक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम पूछा और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से मरीजों को उपहार भी वितरित किए गए।
समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर सहित विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी, एससी-एसटी एसोसिएशन के प्रतिनिधि, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल अजय कुमार सिंह और वरिष्ठ लिपिक शैलेन्द्री ने किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में बरेका की उत्पादन क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता, वैश्विक पहुंच, पर्यावरणीय पहल और सामाजिक सरोकारों की तस्वीर सामने आई।