गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि, पुलिस आयुक्त ने दिलाई  स्वच्छता की शपथ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
 

वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि गांधी जयंती महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के आदर्शों को जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है, वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों को अपने आचरण और दायित्वों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पुलिसकर्मियों ने ली स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान गांधीजी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यस्थल और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी लाइन्स गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा राजेश पाण्डेय, डीसीपी यातायात अनिल यादव, डीसीपी मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर, एडीसीपी लाइन्स वैभव बांगर, एसीपी लाइन शुभम जैन समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।