प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने एयरपोर्ट विस्तार व निर्माणाधीन गंजारी स्टेडियम का किया निरीक्षण, शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश 

प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार को बाबतपुर एयरपोर्ट विस्तार और निर्माणाधीन गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शेष काम जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
 

वाराणसी। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार को बाबतपुर एयरपोर्ट विस्तार और निर्माणाधीन गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शेष काम जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मंत्री सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एयरपोर्ट विस्तार, नए टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार और एप्रन क्षेत्र से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने उन्हें निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। मंत्री ने न्यू टर्मिनल बिल्डिंग के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर का निरीक्षण कर गुणवत्ता का परीक्षण किया और निर्देश दिया कि शेष कार्यों को मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाए।

इसके बाद मंत्री ने गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष कार्यों को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह स्टेडियम लगभग 94 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और इसे वर्ष 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

करीब 450 करोड़ रुपये से अधिक लागत से 30.66 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस स्टेडियम में 30,000 से 40,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। स्टेडियम की विशेषता यह है कि इसकी डिजाइन काशी की सांस्कृतिक पहचान पर आधारित है, जिसमें त्रिशूल आकार की फ्लडलाइट और डमरू व घाटों की थीम पर तैयार पवेलियन शामिल हैं। साथ ही यहां अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, 14 अंतरराष्ट्रीय मानकों की पिचें, विश्वस्तरीय मीडिया गैलरी, वीआईपी लाउंज और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से वाराणसी के बुनियादी ढांचे और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एयरपोर्ट निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।