सीएम के आगमन के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट, कार्यक्रम स्थल के आसपास लगेगी रूफटॉप ड्यूटी, ड्रोन से होगी निगरानी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। वहीं मातहतों संग मीटिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम के आगमन के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास और वीवीआईपी के आगमन-प्रस्थान वाले रूट पर छतों पर जवानों को तैनात किया जाएगा। वहीं ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पर्याप्त संख्या में जवानों को तैनात किया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर होगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले सभी व्यक्तियों को सघन जांच एवं फ्रिस्किंग के उपरांत ही प्रवेश प्रदान किया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। महिला संबंधी चेकिंग केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाए तथा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी आमजन के प्रति सौम्य एवं शिष्ट व्यवहार बनाए रखें।
सुरक्षा व्यवस्था के समस्त पहलुओं का सूक्ष्म आकलन कर संभावित खतरों एवं चुनौतियों के प्रति सतत सतर्कता बनाए रखी जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं तथा भीड़ प्रबंधन के दौरान "नो टच पॉलिसी" का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों के वाहनों हेतु कार्यक्रम स्थल के निकट निर्धारित अस्थायी पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वीआईपी मार्ग को पूर्णतः अवरोधमुक्त रखते हुए किसी भी वाहन का ठहराव अथवा पार्किंग न होने दी जाए। ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिसकर्मियों को पूर्व ब्रीफिंग के माध्यम से उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बताई जाएं तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं।
पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से पूर्व आवश्यक ब्रीफिंग, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। साथ ही ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक प्रयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। ड्यूटी में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी पर्याप्त संख्या में रस्सियां, लाउड हेलर एवं पीए सिस्टम साथ रखें तथा भीड़ प्रबंधन हेतु उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें।
वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्बाध यातायात बनाए रखने हेतु पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना प्रभावी रूप से लागू की जाए तथा जाम की स्थिति रोकने के लिए सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था पर निरंतर निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी चुनौती की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावी, त्वरित एवं नियंत्रणात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
वीआईपी कार्यक्रम स्थल एवं मार्ग को पूर्णतः “नो फ्लाई जोन” घोषित करते हुए ड्रोन सहित उड़ने वाली वस्तुओं के प्रयोग पर प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी मार्ग के आसपास संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटियां लगाई जाये तथा कंट्रोल रूम द्वारा सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय से पूर्व अच्छे टर्न-आउट में ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें तथा आमजन के साथ विनम्र, शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।