एयर शो के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने फुल ड्रेस रिहर्सल का लिया जायजा, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक और आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारी परखी

नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट है। बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल का अवलोकन किया। उन्होंने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस ड्यूटी, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट है। बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल का अवलोकन किया। उन्होंने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस ड्यूटी, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वायुसेना के अधिकारियों, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), पुलिस उपायुक्त काशी जोन और अन्य जनपदों से आए वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को उसकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझाने पर जोर दिया।

घाटों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
एयर शो के दौरान घाटों और आसपास के नगर क्षेत्र को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जाएगी। निर्धारित दर्शक स्थलों पर नियंत्रित प्रवेश, सुचारु आवागमन और जरूरत पड़ने पर भीड़ को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ने की व्यवस्था प्रभावी रखने के निर्देश दिए गए। प्रवेश-निकास बिंदुओं, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

ट्रैफिक और पार्किंग पर रहेगी नजर
पुलिस आयुक्त ने निर्धारित यातायात डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराने, पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने और पार्किंग भरने पर वैकल्पिक स्थलों की ओर भेजने के निर्देश दिए। एंबुलेंस तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुचारु रखने और प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक अवरोध नहीं होने देने पर भी जोर दिया गया।

सीसीटीवी और त्रिनेत्र सेंटर से होगी निगरानी
घाटों और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कैमरों की लाइव फीड त्रिनेत्र सेंटर से मॉनिटर कर जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रतिबंधित ड्रोन गतिविधियों पर भी सख्ती बरतने को कहा गया।

विनम्र व्यवहार और जनसहयोग पर जोर
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की सहायता प्राथमिकता से करने तथा दर्शकों से विनम्र व्यवहार रखने की हिदायत दी। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

वाराणसी पुलिस ने आमजन से निर्धारित दर्शक स्थलों, पार्किंग और मार्गों का उपयोग करने तथा पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश, ड्रोन संचालन और अफवाह फैलाने से बचने के साथ संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।