वाराणसी में चेतावनी बिंदु पर गंगा, वरूणा भी उफान पर, गलियों और घरों में घुसा पानी, पलायन को मजबूर हुए लोग
वाराणसी। वाराणसी में गंगा अब चेतावनी बिंदु पर बह रही हैं। मंगलवार की सुबह 6 बजे जलस्तर वार्निंग लेवल को छू गया। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार राजघाट साइट पर जलस्तर 70.26 मीटर दर्ज किया गया। गंगा के पलट प्रवाह के चलते वरूणा भी उफान पर हैं। गलियों और घरों में पानी घुसने लगा है। ऐसे में लोग पलायन को मजबूर हो गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से राहत शिविरों में इंतजाम किए गए हैं।
गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था और चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया। मंगलवार की सुबह एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर बढ़ते हुए चेतावनी बिंदु को छू गया। गंगा का पानी अब घाटों को डुबाते हुए गलियों में घुसने लगा है। वहीं तटवर्ती इलाकों में भी फैल रहा है। इससे आसपास के बाशिदों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
गंगा के जलस्तर में वृद्धि के चलते वरूणा में पलट प्रवाह हो रहा है। इससे वरूणा के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। काफी संख्या में लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से राहत शिविरों में व्यवस्था की गई है। अधिकारी भी समय-समय पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर, खतरे का बिंदु 71.26 मीटर है।
तस्वीरें ...