वाराणसी में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का सपा पर तीखा हमला, बोले- सिर्फ राजनीतिक लाभ हासिल करना सपा का उद्देश्य
वाराणसी। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को वाराणसी दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सपा पर सनातन संस्कृति के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए तरह-तरह के बयान देती है।
अखिलेश यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग "बहुरूपिये और रंगे सियार" हैं। उनका आरोप था कि सपा नेताओं का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ हासिल करना है, जबकि उनका आचरण और विचार अलग हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया रामायण मेले का आयोजन कराते थे, लेकिन वर्तमान सपा नेतृत्व भगवान राम के दर्शन करने तक नहीं गया।
बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं और पार्टी ने हमेशा सनातन संस्कृति को नुकसान पहुंचाने का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के रास्ते में बाधाएं खड़ी करने में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की भूमिका देश जानता है।
उपमुख्यमंत्री ने बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का भी जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि उसका हिसाब कभी सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने मदरसों को मिलने वाली फंडिंग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष इन मुद्दों पर चर्चा करने से बचता है।
राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आज यह पहले की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लगा हुआ है।