वाराणसी में जमीन के नाम पर ठगी, बयाना लेकर दूसरी जगह बेच दिया प्लॉट

भेलूपुर थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में जमीन से जुड़े सौदों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में जमीन से जुड़े सौदों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

किरहिया खोजवा निवासी दिनेश कुमार दुबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि चंदापुर, चिरईगांव निवासी टुनटुन सोनकर और उनके चाचा खिलाड़ी सोनकर ने उन्हें तीन बिस्वा जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया था। दोनों पक्षों के बीच कुल 15 लाख 75 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने सौदे को पक्का करने के नाम पर 2 लाख 7 हजार रुपये बयाने के रूप में ले लिए। इसके बाद जब रजिस्ट्री (बैनामा) की बात आई तो आरोपी लगातार बहाने बनाकर उसे टालते रहे। काफी समय बीतने के बाद भी जब बैनामा नहीं हुआ, तो पीड़ित को संदेह हुआ।

जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, उसे आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। यह जानकारी मिलते ही पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने तत्काल पुलिस की शरण ली।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर भेलूपुर थाना में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।