कार्तिक मास में सप्तऋर्षि आरती में श्री काशी विश्वनाथ का दीपमाला श्रृंगार, दिव्य स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे बाबा
वाराणसी। कार्तिक मास के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के भक्तों को विशेष धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने का अवसर मिलेगा। सोमवार को बाबा का दीपमाला श्रृंगार किया गया। कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सप्तऋषि आरती के समय बाबा श्री काशी विश्वनाथ का भव्य दीपमाला श्रृंगार किया जाएगा।
इस दौरान दीपों की सजावट से बाबा का दरबार दिव्य और आकर्षक स्वरूप में सजेगा। कार्तिक मास में दीपदान और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। ऐसे में बाबा के दीपमाला श्रृंगार से मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बनेगा। श्रद्धालु सप्तऋषि आरती के दौरान बाबा के इस विशेष स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे।
काशी में कार्तिक मास के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ की विशेष परंपरा रही है। दीपमाला श्रृंगार इसी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, जो भक्तों की आस्था और श्रद्धा को और प्रगाढ़ करेगा। कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन बाबा का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा।