काशी में त्रिपुंड साइनेज श्रद्धालुओं को बताएंगे रास्ता, हिंदी, अंग्रेजी के साथ तमिल और तेलुगू में मिलेगी जानकारी 

काशी में त्रिपुंड आकार के साइनेज श्रद्धालुओं को रास्ता दिखाएंगे। साइनेज पर हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही तमिल और तेलुगू में जानकारी मिलेगी। शहर के प्रमुख स्थान और उनकी दूरी प्रदर्शित की जाएगी। 
 

वाराणसी। काशी में त्रिपुंड आकार के साइनेज श्रद्धालुओं को रास्ता दिखाएंगे। साइनेज पर हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही तमिल और तेलुगू में जानकारी मिलेगी। शहर के प्रमुख स्थान और उनकी दूरी प्रदर्शित की जाएगी। 

त्रिपुंड साइनेज शहर के प्रमुख तिराहों, चौराहों के अलावा घाटों पर लगाए जाएंगे। चौराहों पर वीडीए और घाटों पर नगर निगम की ओर से साइनेज लगवाए जाने हैं। साइनेज में बीच में भगवान शिव का त्रिनेत्र होगा। इसमें वीडीए का लोगो होगा। इसके अलावा एक तरफ हिंदी और एक तरफ अंग्रेजी में जगह का जिक्र होगा। अंग्रेजी वाली तरफ नीचे तमिल और तेलुगू में भी जानकारी अंकित रहेगी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि काशी-तमिल संगमम के दौरान दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं ने इसका प्रस्ताव रखा था। इसके तहत ये पहल की जा रही है। 

इन स्थानों पर लगेंगे साइनेज 
कमिश्नर आवास, कचहरी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, भेलूपुर चौराहे से अस्सी घाट मार्ग, सोनारपुरा से गोदौलिया मार्ग, अस्सी तिराहे से अस्सी घाट, महमूरगंज आकाशवाणी तिराहे से रथयात्रा, मलदहिया से मैदागिन, रवींद्रपुरी से बीएचयू, मलदहिया से सिगरा, कमच्छा से रथयात्रा, संदहा चौराहा, लहुराबीर चौराहा, मैदागिन चौराहा और चौकाघाट पर साइनेज लगेंगे।