खबर का असर : नगर आयुक्त पहुंचे चितईपुर-अखरी बाइपास, जलभराव पर जताई नाराजगी, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश 

चितईपुर-अखरी बाइपास मार्ग पर जलभराव और बदहाल सड़क की समस्या का नगर निगम ने शनिवार को संज्ञान लिया। Live VNS में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चितईपुर-अखरी बाइपास मार्ग और जलजमाव से प्रभावित विश्वकर्मा नगर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जलनिकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।
 

Live VNS में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया नगर निगम प्रशासन 

नगर आयुक्त ने विश्वकर्मा नगर में जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश 

भिखारीपुर तालाब के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने की भी बनाई गई योजना

वाराणसी। चितईपुर-अखरी बाइपास मार्ग पर जलभराव और बदहाल सड़क की समस्या का नगर निगम ने शनिवार को संज्ञान लिया। Live VNS में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चितईपुर-अखरी बाइपास मार्ग और जलजमाव से प्रभावित विश्वकर्मा नगर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जलनिकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।

जलनिकासी में बाधा बने अतिक्रमण हटाने के निर्देश
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग, नालों और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलनिकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या से निजात मिल सके। चितईपुर से अखरी बाइपास जाने वाले मार्ग पर बारिश के बाद लंबे समय तक पानी जमा रहने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही थी। सड़क पर गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्कूली बच्चों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता था।


विश्वकर्मा नगर में जलनिकासी सुधारने पर जोर
नगर आयुक्त ने विश्वकर्मा नगर में जलजमाव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलनिकासी व्यवस्था की जानकारी लेकर मौके के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने को कहा। निर्देश दिया कि पानी की निकासी के लिए जल्द कार्रवाई की जाए, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

भिखारीपुर तालाब का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भिखारीपुर तालाब का जायजा लेकर सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों के लिए खुले व्यायाम केंद्र की व्यवस्था करने का प्रस्ताव तैयार कराने को कहा। तालाब के मुख्य द्वार के जीर्णोद्धार, परिसर में आने वाले पानी को रोकने के लिए पुलिस चौकी की ओर दीवार बनवाने और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए भी प्रस्ताव मांगे गए। परिसर में ऊंची रोशनी वाली व्यवस्था के साथ छोटी लाइटें लगाने की योजना पर विचार किया गया।

स्थायी समाधान की जगी उम्मीद
नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों को जलभराव और सड़क की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लोगों की मांग है कि जलनिकासी, सड़क की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू कराई जाए, ताकि बरसात में दोबारा ऐसी स्थिति न बने।