भीषण गर्मी का असर: वाराणसी में बदला न्यायालय का समय, अब सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक चलेगी कोर्ट
वाराणसी। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए वाराणसी न्यायालय के कार्य समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में दी सेंट्रल बार एसोसिएशन, वाराणसी की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जून से न्यायालय का संचालन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था भीषण गर्मी के प्रभाव को कम करने तथा न्यायालय से जुड़े सभी लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में तापमान लगातार बढ़ रहा है और हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों, वादकारियों और आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से न्यायालय के समय में परिवर्तन आवश्यक समझा गया। नए समय के अनुसार सभी न्यायिक कार्य सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक संपन्न किए जाएंगे।