अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड : चौकी प्रभारी व बीट आरक्षी निलंबित, पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट कांड को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी राजेश पांडेय ने पुराना पुल चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला और संबंधित बीट आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। महकमे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच शुरू करा दी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पैगंबरपुर में गुरुवार की शाम दो मंजिला मकान में विस्फोट हुआ था। इससे मकान धराशायी हो गया। मलबे में परिवार के कई लोग दब गए और आसपास मौजूद लोगों को भी चोटें आईं। सूचना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित होने की बात सामने आई। घटना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ने तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज और आरक्षी को निलंबित कर दिया। डीसीपी ने अनुसार मामले की विभागीय जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कदम उठाए जाएंगे।